आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षामित्र सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें खिंचवाकर उत्साह साझा किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। इस अवसर पर लखनऊ से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना।
बेसिक शिक्षा विभाग के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। साथ ही विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अतिथियों ने निरीक्षण कर शैक्षिक गतिविधियों और नवाचारों की जानकारी ली।
मुख्य अतिथि गिरीश चंद्र यादव ने शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय पर बधाई देते हुए कहा कि वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाकर शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाएं। उन्होंने बताया कि शिक्षामित्रों की लंबे समय से चली आ रही मांग को सरकार ने पूरा किया है और उन्हें कैशलेस चिकित्सा सुविधा से भी जोड़ा जा रहा है।
राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने इसे शिक्षामित्रों के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए डीबीटी प्रणाली कारगर साबित हो रही है। वहीं एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ ने कहा कि शिक्षामित्र प्राथमिक शिक्षा की रीढ़ हैं और सरकार उनके हितों के प्रति गंभीर है।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने शिक्षामित्रों को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की, जबकि मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर आठ शिक्षामित्रों—सत्यनारायण गौड़, बिहारी लाल, राम प्रसाद यादव, शेषमा सिंह, शैल प्रजापति, मंजू श्रीवास्तव, संदीप कुमार और राजेश कुमार—को प्रतीकात्मक रूप से 18 हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित किया गया।
वहीं शिक्षामित्र सुमन यादव, चांदनी राय, मो. अब्बास और मीना सिंह ने मानदेय वृद्धि पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन नूपुर श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व अजय अंबष्ट सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र, अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।
.jpeg)