आमिर, देवल ब्यूरो ,जफराबाद (जौनपुर)। नगर पंचायत जफराबाद के दरीबा मोहल्ले में स्मार्ट मीटर के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। सोमवार को सुबह लगभग 11 बजे दर्जनों की संख्या में स्थानीय लोग, जिनमें महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल थीं, हाथों में तख्तियां लेकर सड़कों पर उतर आए और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने ‘स्मार्ट मीटर नहीं चाहिए’ और ‘बिजली विभाग हाय-हाय’ जैसे नारे लगाते हुए विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद से उनके बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जिससे आम लोगों का बजट बिगड़ गया है।
प्रदर्शन में शामिल मालती चौहान, पुष्पा देवी, मनभा देवी, सीमा और जानकी सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि पहले की तुलना में अब हर महीने बिजली का बिल कई गुना अधिक आ रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं है कि वे इस तरह के बढ़े हुए बिलों का भुगतान कर सकें।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि वे लगातार बिजली विभाग के कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का कोई समाधान नहीं किया जा रहा है। शिकायतों के बावजूद न तो बिलों में सुधार हो रहा है और न ही कोई संतोषजनक जवाब मिल रहा है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने मांग की कि स्मार्ट मीटरों को तत्काल हटाया जाए और पुराने मीटरों की व्यवस्था बहाल की जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया, तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे।
.jpeg)