आमिर, देवल ब्यूरो ,मछलीशहर (जौनपुर)। पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत को लेकर मछलीशहर नगर में सोमवार देर रात उत्साह का माहौल देखने को मिला। सिंचाई विभाग के डाक बंगले में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री जगदीश सोनकर ने चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे जनता के विश्वास और बदलाव की चाह का प्रतीक बताया।
पूर्व मंत्री जगदीश सोनकर ने कहा कि आजादी के समय पश्चिम बंगाल देश के समृद्ध राज्यों में गिना जाता था, लेकिन समय के साथ वह विकास की दौड़ में पिछड़ता चला गया। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने अपनी अस्मिता और विकास को ध्यान में रखते हुए भाजपा को पूर्ण बहुमत देकर नई दिशा देने का काम किया है। उनके अनुसार, यह पहली बार है जब भाजपा को राज्य में सरकार बनाने के लिए इतना व्यापक जनसमर्थन मिला है।
उन्होंने बंगाल के चुनाव परिणामों को उत्तर प्रदेश की राजनीति से जोड़ते हुए कहा कि जिस राज्य में कभी भाजपा का आधार सीमित था, वहां जनता ने पार्टी पर भरोसा जताया है। इसी प्रकार उत्तर प्रदेश में भी भाजपा के कार्यों को हर वर्ग समझता है और आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी पुनः पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि देश के अन्य राज्यों में भी भाजपा के प्रति जनता का विश्वास बढ़ रहा है और 2029 में केंद्र में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी।
प्रेस वार्ता के बाद डाक बंगले परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर मिठाइयां खिलाईं और खुशी का इजहार किया। कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा।
इस मौके पर जिला मंत्री रामचंद्र, उपाध्यक्ष मीना पटेल, मंडल उपाध्यक्ष प्रीति प्रजापति, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष रवि पटवा, राजेश गुप्ता, राजन सिंह, नितेश जायसवाल, कृपाशंकर श्रीवास्तव, अनुराग सिन्हा, अभिषेक सिंह सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
.jpeg)