आमिर, देवल ब्यूरो ,जफराबाद। जौनपुर के लाइनबाजार थाना क्षेत्र स्थित सलखापुर गांव के समीप शुक्रवार दोपहर सई नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतकों के गांव बैजाबाद में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जफराबाद थाना क्षेत्र के बैजाबाद गांव से करीब एक दर्जन युवक शुक्रवार को सई नदी में नहाने के लिए गए थे। सभी युवक नदी में स्नान कर रहे थे, तभी दो युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ मौजूद युवकों ने शोर मचाते हुए उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण दोनों पानी में लापता हो गए।
घटना से घबराए साथियों ने काफी देर तक नदी में खोजबीन की। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया। आनन-फानन में साथी उन्हें बाइक से जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजन दोनों युवकों को शहर के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतकों की पहचान राजन चौहान पुत्र अनिल चौहान तथा रवि चौहान पुत्र राय चौहान निवासी बैजाबाद के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक साथ दो युवकों की मौत से गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग भी घटना से स्तब्ध हैं।
.jpeg)