आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने रिजर्व पुलिस लाइन का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उनके अचानक पहुंचे निरीक्षण से पुलिसकर्मियों में सतर्कता का माहौल देखने को मिला।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पुलिस लाइन स्थित कैंटीन, बैरक, कार्यालय, यातायात शाखा समेत विभिन्न इकाइयों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों की रहने-खाने की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई की स्थिति और दैनिक कार्यप्रणाली का निरीक्षण करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
एसएसपी ने विशेष रूप से स्वच्छता व्यवस्था पर जोर देते हुए पूरे परिसर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाए रखने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियमित रूप से साफ-सफाई की निगरानी की जाए, जिससे पुलिसकर्मियों को बेहतर वातावरण मिल सके।
इसके साथ ही उन्होंने कार्यालयों में अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर भी ध्यान दिलाया और लंबित प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में अनावश्यक देरी से न केवल व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि जनता का भरोसा भी कमजोर पड़ता है।
निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी एसएसपी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराए जाएं, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस औचक निरीक्षण को पुलिस व्यवस्था में सुधार और अनुशासन को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
