आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद के नवागत जिलाधिकारी सैमुअल पॉल ने बुधवार को अमर शहीद उमानाथ सिंह जिला पुरुष चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। अचानक हुए इस निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर भर्ती मरीजों से सीधे संवाद किया और उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से दवा, इलाज, साफ-सफाई और स्टाफ के व्यवहार के बारे में फीडबैक लिया। कई मरीजों ने व्यवस्थाओं को लेकर अपनी समस्याएं भी साझा कीं, जिन्हें जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया।
अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति, दवा वितरण प्रणाली, चिकित्सकों और कर्मचारियों की उपस्थिति तथा आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली का भी उन्होंने बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ स्थानों पर लापरवाही और अव्यवस्था मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल ने स्पष्ट रूप से कहा कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इलाज में लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, समय से जांच और उपचार की व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार्य नहीं है। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
.jpeg)