आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शहर में तेज आवाज निकालने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान चलाया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सत्येन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान विशेष रूप से उन बुलेट मोटरसाइकिलों की जांच की गई, जिनमें कंपनी द्वारा निर्धारित मानक साइलेंसर हटाकर तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाए गए थे। जांच में पांच ऐसे दोपहिया वाहन पकड़े गए, जिनसे अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण फैल रहा था। परिवहन विभाग की टीम ने सभी वाहनों का मौके पर ही चालान करते हुए वाहन चालकों को सख्त चेतावनी दी।
एआरटीओ (प्रवर्तन) सत्येन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर लगाना मोटर वाहन अधिनियम का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि ऐसे साइलेंसरों से निकलने वाली कर्कश आवाज आम नागरिकों, विद्यार्थियों, मरीजों और बुजुर्गों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनती है। इसके साथ ही ध्वनि प्रदूषण भी तेजी से बढ़ता है, जिससे सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर शांति व्यवस्था बनाए रखना और लोगों को सुरक्षित एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। यदि कोई वाहन चालक दोबारा ऐसे नियमों का उल्लंघन करते पाया गया तो संबंधित वाहन को सीज करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
अभियान के दौरान यात्री एवं मालकर अधिकारी प्रमोद कुमार सहित परिवहन विभाग की टीम मौजूद रही। विभाग द्वारा आगे भी लगातार ऐसे अभियान चलाए जाने की बात कही गई है, ताकि शहर में ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
