आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत बदलापुर में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण श्रद्धा, उत्साह और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही और पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति एवं स्वाभिमान के नारों से गूंज उठा। विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन के बाद अतिथियों ने प्रतिमा का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन साहस, संघर्ष और मातृभूमि के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने युवाओं से महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने कभी अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं किया।
उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय संस्कृति, स्वतंत्रता और आत्मसम्मान के अमर प्रतीक हैं। उनके आदर्श आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित और स्वाभिमान की रक्षा के लिए महाराणा प्रताप का जीवन हर पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बना रहेगा।
इस अवसर पर एमएलसी शैलेंद्र सिंह, महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, पूर्व सांसद केपी सिंह, विधायक राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह तथा रमेश सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों ने महाराणा प्रताप के संघर्ष, शौर्य और राष्ट्रभक्ति पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, लेकिन कभी आत्मसमर्पण नहीं किया।
कार्यक्रम में सिंगरामऊ स्टेट के कुंवर जय सिंह बाबा, पूर्व विधायक डॉ. हरेंद्र सिंह, दिनेश चौधरी, सुरेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, मछलीशहर जिलाध्यक्ष अजय सिंह, डीसीएफ चेयरमैन धनंजय सिंह तथा व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष इंद्रभान सिंह इंदु समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नगर पंचायत अध्यक्ष सीमा सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप की यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति, त्याग और स्वाभिमान की प्रेरणा देती रहेगी। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला और पूरे आयोजन में ऐतिहासिक गौरव की झलक दिखाई दी।
.jpeg)