आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के बीरीबारी गांव में एक युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी किस्मत शाह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी 22 वर्षीय बहन शुक्रवार को घर से सामान खरीदने के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों का आरोप है कि एक अज्ञात युवक, जिसका मोबाइल नंबर उनके पास उपलब्ध है, युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। घटना के बाद परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल बना हुआ है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और युवती की तलाश शुरू कर दी गई।
चंदवक पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध मोबाइल नंबर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। साथ ही युवती की बरामदगी के लिए संभावित स्थानों पर जांच और छानबीन की जा रही है।
