आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर राजपूत सेवा समिति द्वारा आयोजित भव्य समारोह में जनपद के प्रसिद्ध एंकर सलमान शेख को विशेष सम्मान से नवाजा गया। कार्यक्रम में उनके द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के उत्कृष्ट संचालन एवं सफल निर्देशन की सराहना की गई।
समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह, महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह तथा पूर्व सांसद केपी सिंह ने सलमान शेख, उनके छोटे भाई प्रद्युमन एवं पूरी टीम को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। अतिथियों ने कार्यक्रम की भव्यता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए टीम के प्रयासों को सराहा।
इस दौरान सलमान शेख ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए बेहद गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम की मेहनत, सहयोगियों के समर्पण और जनपदवासियों के प्यार का परिणाम है। उन्होंने कार्यक्रम आयोजकों के साथ भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ओम प्रकाश सिंह के प्रति भी विशेष आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रस्तुत सांस्कृतिक झांकियों और देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बड़ी संख्या में समाजसेवी, गणमान्य नागरिक, युवा एवं क्षेत्रीय लोग समारोह में मौजूद रहे। वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
