आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर अभियुक्त घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है।
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले में संदिग्ध और वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि कुछ बदमाश क्षेत्र में सक्रिय हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की, तभी बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। घायल बदमाश को पुलिस ने तत्काल कब्जे में लेकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया। वहीं, उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक तमंचा, जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस अब फरार अभियुक्त की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायल बदमाश का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
