आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर जनपद में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए उत्तर प्रदेश शासन ने जिलाधिकारी दिनेश चंद्र का तबादला कर दिया है। उनकी जगह 2013 बैच के आईएएस अधिकारी सैमुअल पॉल एन को जौनपुर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। शासन के इस फैसले के बाद जिले में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।
नवनियुक्त जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन मूल रूप से तमिलनाडु के निवासी हैं और अपने प्रशासनिक अनुभव के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले वे कानपुर विद्युत आपूर्ति कंपनी (KESCO) में प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत थे, जहां उन्होंने बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए थे। इसके अलावा वे अंबेडकर नगर में जिलाधिकारी के पद पर रहते हुए भी प्रभावी प्रशासन और विकास कार्यों के लिए चर्चित रहे हैं।
जौनपुर में उनकी तैनाती को काफी अहम माना जा रहा है। शासन ने उन्हें जिले में चल रही विकास योजनाओं को गति देने, कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के साथ निपटाने की जिम्मेदारी सौंपी है।
नए जिलाधिकारी के आगमन से जनपदवासियों में उम्मीदों का माहौल है। लोगों को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में जिले में विकास कार्यों में तेजी आएगी और प्रशासनिक व्यवस्थाएं और अधिक पारदर्शी व प्रभावी होंगी।
प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्र के जानकारों का भी मानना है कि सैमुअल पॉल एन के अनुभव का लाभ जौनपुर को मिलेगा और जिले में सुशासन को नई दिशा मिलेगी।
