आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर के मीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी खुर्द गांव में लगातार हो रही चोरी की वारदातों ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। बीते 24 घंटे के भीतर तीसरी बड़ी चोरी की घटना सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया है।
ताजा घटना मछलीशहर–वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित बड़े लाल यादव के घर की है, जहां बीती रात चोरों ने धावा बोल दिया। आरोप है कि चोरों ने घर में घुसने के बाद उनकी बेटी की आंखों में किसी प्रकार का केमिकल डालकर उसे धक्का दे दिया और फिर आराम से घर में रखे गहने व कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही मीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल में जुट गई है।
इससे पहले शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात भी इसी गांव में अवधेश तिवारी के घर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। चोर वहां से करीब 25 लाख रुपये के गहने और एक लाख रुपये नकद लेकर भाग निकले थे। विरोध करने पर चोरों ने फायरिंग भी की थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी।
इसके अलावा, इससे पहले लालता प्रसाद तिवारी के घर भी चोरों ने दरवाजे की कुंडी तोड़कर गहनों पर हाथ साफ किया था। लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए रविवार को क्षेत्राधिकारी मछलीशहर प्रतिमा वर्मा ने स्वयं गांव पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया था।
इसके बावजूद चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने अगली ही रात फिर वारदात को अंजाम दे दिया। ताबड़तोड़ हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और नाराजगी दोनों है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।
