आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को एक और झटका लगा है। ओपनर फिल सॉल्ट अपनी उंगली की चोट का स्कैन कराने के लिए अचानक अपने घर (यूके) लौट गए हैं। वे पिछले तीन मैचों से बाहर चल रहे थे।
उनकी जगह जैकब बैथेल (Jacob Bethell) और विराट कोहली (Virat Kohli) ओपनिंग कर रहे थे। फिल सॉल्ट की वापसी को लेकर कोई जानकारी नहीं आई है। उनकी गैरमौजूदगी के दौरान जैकब बैथेल आगे भी मैचों में ओपनिंग करेंगे। बता दें कि आरसीबी का अगला मैच 7 मई को एलएसजी के साथ लखनऊ में है।
Phil Salt उंगली की चोट की वजह से अचानक लौटे घर
दरअसल, ईएसपीएनक्रिकइन्फो की एक रिपोर्ट में पता चला है कि फिल सॉल्ट टीम मैनेजमेंट के कहने पर अपने घर वापस इंग्लैंड चले गए हैं। वे इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट का हिस्सा हैं और वहां पर वह स्कैन भी कराएंगे।
बता दें कि 18 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के दौरान उन्हें बाउंड्री के पास फील्डिंग करते समय शॉट को रोकने की कोशिश करते समय उंगली में चोट लगी थी, जिसके बाद वह पिछले तीन आरसीबी के मैच भी नहीं खेल पाए।
अभी तक फिल सॉल्ट के घर लौटने को लेकर आरसीबी ने चुप्पी साध रखी है। हालांकि, हर कोई उम्मीद कर रहा हैं कि उंगली की चोट जल्दी ठीक होने के बाद सॉल्ट इस महीने भारत वापस आ जाएं। अगर सॉल्ट बाहर होते हैं तो आरसीबी की टीम उनके रिप्लेसमेंट का एलान करेगी, लेकिन फिलहाल फ्रेंचाइजी उनके ठीक होने का इंतजार करेगी।
फिल सॉल्ट का कैसा रहा इस सीजन प्रदर्शन?
IPL 2026 में आरसीबी के लिए फिल सॉल्ट ने 6 पारियों में 168 के स्ट्राइक रेट से 202 रन बनाए। उनके बाहर रहने से जैकब बैथेल खेल रहे हैं, जो तीन मैचों में 39 रन ही बना सके हैं। ऐसे में आरसीबी की टीम जो अंक तालिका में 12 अंक के साथ दूसरे पायदान पर बरकरार है, उनके लिए फिल सॉल्ट का चोटिल होकर घर वापस लौटना किसी बड़े झटके से कम नहीं है।
