आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक वैभव कृष्ण ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में अपराध एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर जनपद पुलिस को अपराध नियंत्रण के लिए कड़े निर्देश दिए। बैठक में कुँवर अनुपम सिंह सहित जिले के सभी पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान डीआईजी ने कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। उन्होंने चिन्हित माफियाओं, हिस्ट्रीशीटरों और संगठित अपराध में शामिल बदमाशों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। हत्या, लूट, दुष्कर्म, छेड़छाड़, गो-तस्करी, शराब तस्करी, चोरी एवं नकबजनी जैसी घटनाओं में तेजी से कार्रवाई करते हुए अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने पर जोर दिया गया।
डीआईजी ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई तेज करने तथा अपराधियों की गैंगशीट खोलने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों में कानून का भय कायम रहना चाहिए और पुलिस की सक्रियता जनता को दिखाई देनी चाहिए।
बैठक में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी मामलों का गुण-दोष के आधार पर समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण किया जाए। वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा फरार अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।
महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए डीआईजी ने महिला संबंधी अपराधों में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए। साथ ही गुंडा एक्ट के तहत जिलाबदर की कार्रवाई को प्रभावी ढंग से लागू करने की बात कही।
उत्तर प्रदेश पुलिस के “ऑपरेशन कन्विक्शन” अभियान की समीक्षा करते हुए डीआईजी ने हत्या, दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और लूट जैसे गंभीर मामलों में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को अधिकतम सजा दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियोजन और विवेचना को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया।
जनसुनवाई व्यवस्था को लेकर भी डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि थानों और पुलिस कार्यालयों में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए तथा निष्पक्ष जांच के बाद उनका विधिक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इसके अलावा अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाने, माल मुकदमाती के शीघ्र निस्तारण तथा दंगा नियंत्रण की तैयारियों को मजबूत रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता, क्षेत्राधिकारी सदर देवेश सिंह सहित सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
.jpeg)