आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। नगर पंचायत कजगांव कार्यालय में सोमवार को आयोजित बोर्ड बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। बैठक के दौरान सभासदों ने नगर पंचायत अध्यक्ष फिरोज खान पर मनमानी, भेदभावपूर्ण रवैये और विकास कार्यों में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध के चलते बैठक का माहौल काफी देर तक तनावपूर्ण बना रहा।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत अध्यक्ष फिरोज खान की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक चल रही थी। इसी दौरान कई सभासदों ने अचानक बैठक का विरोध शुरू कर दिया और आरोप लगाया कि नगर पंचायत के केवल चुनिंदा वार्डों में ही विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जबकि अन्य वार्डों की लगातार अनदेखी की जा रही है।
सभासदों का आरोप था कि अध्यक्ष द्वारा कुछ वार्डों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब वे अपने-अपने वार्डों में विकास कार्य कराने की मांग करते हैं, तो उनकी बातों को नजरअंदाज कर दिया जाता है। सभासदों ने यह भी आरोप लगाया कि नगर पंचायत प्रशासन में खुलेआम मनमानी की जा रही है और विकास कार्यों में भारी पैमाने पर भ्रष्टाचार व्याप्त है।
विरोध कर रहे सभासदों ने कहा कि कई बार शिकायत और विरोध दर्ज कराने के बावजूद उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने बैठक का बहिष्कार कर दिया और जमकर नारेबाजी की।
बैठक के दौरान सभासद सुनील विश्वकर्मा, आकाश सिंह ‘हनी’, अरविंद प्रजापति, आलोक मौर्य, इकबाल अंसारी, अखिलेश यादव, इजलाश यादव, सूरज कन्नौजिया समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
बोर्ड बैठक में हुए हंगामे को लेकर नगर पंचायत क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। वहीं सभासदों की नाराजगी के बाद नगर पंचायत प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
