आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 21 मई 2026 को आयोजित होने वाली लेखपाल भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में आयोग के सचिव हरिकेश चौरसिया ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में बताया गया कि जनपद में परीक्षा के लिए कुल 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 10 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापक की तैनाती की गई है, जो परीक्षा की निगरानी करेंगे।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की निगरानी हेतु कलेक्ट्रेट परिसर में कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है, जहां से पूरी परीक्षा प्रक्रिया पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा सेक्टर मजिस्ट्रेटों की भी तैनाती की गई है, जो केंद्रों का लगातार निरीक्षण करेंगे।
बैठक में परीक्षा दिवस पर सुरक्षा, यातायात और परिवहन व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए।
इस दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, वरिष्ठ कोषाधिकारी, एआरटीओ, क्षेत्राधिकारी नगर, एआरएम रोडवेज, जिला विद्यालय निरीक्षक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
