कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जिलाधिकारी ईशा प्रिया के निर्देशों के क्रम में आगामी 24 मई 2026 को संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सिविल सेवा (प्रारम्भिक) परीक्षा के दृष्टिगत समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत जनपद अम्बेडकरनगर में अध्ययनरत अभ्यर्थियों के लिए बी०एन०पी०जी० कॉलेज केन्द्र पर दिनांक 09 मई 2026 से 15 मई 2026 तक 07 दिवसीय मॉक टेस्ट कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अभ्यर्थियों को परीक्षा के वास्तविक वातावरण से परिचित कराते हुए उनकी तैयारी को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों एवं विशेषज्ञों द्वारा अभ्यर्थियों का मार्गदर्शन किया गया। दिनांक 09 मई 2026 को आयोजित सत्र में जनपद में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु आई०ए०एस० थनीगईयरसन टी एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी, अम्बेडकरनगर द्वारा मॉक टेस्ट का मूल्यांकन करते हुए प्रतियोगी छात्रों को परीक्षा रणनीति एवं समय प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव प्रदान किए गए। इसी क्रम में दिनांक 11 मई 2026 को सदर उपजिलाधिकारी प्रतीक्षा सिंह (आई०ए०एस०) द्वारा प्रारम्भिक एवं मुख्य परीक्षा की तैयारी, उत्तर लेखन की गुणवत्ता तथा परीक्षा के दौरान होने वाली सामान्य त्रुटियों से बचने के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।
दिनांक 13 मई 2026 को उपजिलाधिकारी विशाल सारस्वत (पी०सी०एस०) द्वारा अभ्यर्थियों की कैरियर काउंसलिंग करते हुए उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, अध्ययन के साथ सह-पाठ्यक्रम एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों को भी दिनचर्या में शामिल करने हेतु प्रेरित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक संतुलन बनाए रखते हुए निरंतर अभ्यास एवं आत्मविश्वास के साथ परीक्षा की तैयारी करने की सलाह दी।
इसी क्रम 15 मई 2026 को जिलाधिकारी ईशा प्रिया द्वारा स्वयं अभ्युदय केन्द्र का निरीक्षण किया गया तथा छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों को परीक्षा को सहज एवं सकारात्मक दृष्टिकोण से लेने, अधिकाधिक मॉक टेस्ट हल करने तथा विषयवार उपयुक्त एवं मानक पुस्तकों के चयन के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस दौरान अभ्यर्थियों द्वारा मानसिक दबाव, परीक्षा संबंधी चिंता एवं समय प्रबंधन जैसे विषयों पर पूछे गए प्रश्नों का भी जिलाधिकारी महोदया ने विस्तारपूर्वक समाधान एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं ने जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित इस प्रेरणादायी एवं उपयोगी पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। अंत में जिलाधिकारी द्वारा सभी अभ्यर्थियों को आगामी सिविल सेवा (प्रारम्भिक) परीक्षा हेतु शुभकामनाएँ प्रदान की गईं।
