अवशेष पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनाएं– जिलाधिकारी
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयुष्मान भारत–जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संजय कुमार शैवाल ने बताया कि जनपद में 280143 लक्षित परिवारों के सापेक्ष 246769 परिवारों में काम से कम एक गोल्डन कार्ड बनाया जा चुका है। इसी प्रकार जनपद में कुल 1373723 लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाए जाने के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 917539 लाभार्थियों (66.79% लाभार्थियों) का गोल्डन कार्ड बनाया जा चुका है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने आयुष्मान भारत योजना के समस्त लाभार्थियों को योजना का लाभ उपलब्ध कराए जाने की दृष्टिगत अवशेष समस्त पात्र लाभार्थियों का अभियान चलाकर आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक सीएचओ को निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष रोजाना गोल्डन कार्ड बनाए जाने की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन ग्राम पंचायत में सीएचओ नहीं हैं वहां पर पंचायत सहायक के द्वारा गोल्डन कार्ड बनाया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने इस अभियान में कोटेदारों का भी सहयोग लेने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने ब्लॉक के अधीक्षक/ प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों एवं जिला पंचायती राज अधिकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी जिला पूर्ति अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को आपस में समन्वय स्थापित कर अपने-अपने क्षेत्र के अंतर्गत आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, पंचायत सहायक का भी सहयोग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों अपने-अपने क्षेत्र में चलाए जा रहे अभियान में गृह भ्रमण तथा संबंधित गतिविधियों में पूर्ण सहयोग प्रदान करें। उन्होंने 70 वर्ष या उससे अधिक आयु वर्ग के लाभार्थियों का सीएचओ एवं पंचायत सहायक के माध्यम से आयुष्मान कार्ड बनाए जाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कैंप में आयुष्मान कार्ड निःशुल्क बनाए जाएंगे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संजय कुमार शैवाल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रामानंद सिद्धार्थ (नोडल अधिकारी आयुष्मान), आयुष्मान भारत की जिला इंप्लीमेंटेशन यूनिट के सदस्य, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
