शासन के निर्देश पर पीड़ित परिवार को प्रदान की गई त्वरित आर्थिक सहायता
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।विद्युत केन्द्र वैरमपुर बरवाँ अंतर्गत विद्युत वितरण खण्ड, अम्बेडकरनगर में कार्यरत निविदा कर्मी श्री दयाशंकर दिनांक 19 मई 2026 को विद्युत कार्य के दौरान हुई दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान दिनांक 20 मई 2026 को उनका असामयिक निधन हो गया। इस अत्यंत दुःखद घटना पर जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग द्वारा गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत कर्मी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
शासन के निर्देशों एवं जिलाधिकारी के संवेदनशील मार्गदर्शन के क्रम में पीड़ित परिवार को त्वरित राहत प्रदान करते हुए विभागीय नियमानुसार तथा सेवा प्रदाता कम्पनी के अनुबंध की शर्तों के अंतर्गत मृतक कर्मी के आश्रितों को ₹7,50,000/- (सात लाख पचास हजार रुपये मात्र) की क्षतिपूर्ति/सहायता धनराशि उपलब्ध कराई गई।
उक्त सहायता धनराशि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर नीतीश कुमार तिवारी एवं उपखण्ड अधिकारी कटेहरी द्वारा पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर मृतक की पत्नी ज्योति कुमारी, निवासी ग्राम मिर्जापुर कोडरा, अकबरपुर, जनपद अम्बेडकरनगर को प्रदान की गई।
इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग द्वारा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया गया कि शासन की मंशानुरूप परिवार को हर संभव सहयोग एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाती रहेगी।
