आमिर, देवल ब्यूरो ,बरसठी। जौनपुर विकास खंड बरसठी क्षेत्र के बेलौना कला गांव निवासी अवनीश सिंह (38) की बुधवार को महाराष्ट्र के मुंबई स्थित भयंदर मीरा क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी भी घायल हो गईं, जिनका उपचार अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि अवनीश सिंह अपनी पत्नी के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार फोर व्हीलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि अवनीश सिंह के सिर में गंभीर चोट लग गई और वह सड़क पर गिर पड़े। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी पत्नी घायल हो गईं, जिनका इलाज जारी है।
अवनीश सिंह परिवार के इकलौते पुत्र थे। उनकी पांच बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। परिवार में उनकी वृद्ध मां, पत्नी और 14 वर्षीय पुत्र आर्यन हैं। बताया जाता है कि अवनीश की एक पुत्री भी थी, जिसकी तीन वर्ष पूर्व रेबीज बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी। लगातार हुए पारिवारिक दुखों ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है।
जैसे ही अवनीश की मौत की खबर उनके पैतृक गांव बेलौना कला पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। वृद्ध मां का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। अवनीश की असामयिक मृत्यु से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।
