आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता अंबे प्रसाद पांडेय पर बुधवार सुबह अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में वकील लाइन बाजार थाने पहुंचकर आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लाइन बाजार थाना क्षेत्र के भारती नगर गंगा पट्टी निवासी अधिवक्ता अंबे प्रसाद पांडेय बुधवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे अपने घर से बाइक से दीवानी न्यायालय जा रहे थे। जैसे ही वह इंग्लिश क्लब के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे तीन अज्ञात युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद लोहे की रॉड से उनके सिर के पीछे जोरदार वार कर दिया।
हमला इतना गंभीर था कि अधिवक्ता का सिर फट गया और वह मौके पर ही बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर पीली कोठी की ओर फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों और अन्य अधिवक्ताओं ने तत्काल घायल अधिवक्ता को संभाला और उन्हें लाइन बाजार थाने पहुंचाया, जहां उन्होंने पुलिस को घटना की तहरीर दी। बाद में पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बार अध्यक्ष सुभाष चंद्र यादव ने मामले की कड़ी निंदा की। उन्होंने लाइन बाजार थानाध्यक्ष से वार्ता कर आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में अधिवक्ता थाने पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए अपराधियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने की मांग की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।
