आमिर, देवल ब्यूरो ,शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के जौनपुर मुख्य मार्ग स्थित वी मार्ट के समीप बुधवार को तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने अचानक बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़ी बोलेरो से जा भिड़ी, जिससे बोलेरो नाले के किनारे पलट गई। दुर्घटना में बाइक सवार, महिला और बच्चे समेत कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत होने पर कुछ को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अर्टिगा कार तेज गति से जौनपुर की ओर जा रही थी। वी मार्ट के पास पहुंचते ही कार चालक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में खुटहन थाना क्षेत्र के असरफपुर गांव निवासी 35 वर्षीय रवि कुमार पुत्र महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं सड़क किनारे मौजूद आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के सराय मोहन निवासी 30 वर्षीय निशा पत्नी संदीप तथा उनकी तीन वर्षीय पुत्री रियांश भी हादसे की चपेट में आकर घायल हो गईं।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रवि कुमार, निशा और मासूम रियांश की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि बाइक को टक्कर मारने के बाद अर्टिगा कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पुलिया के पास खड़ी बोलेरो से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो नाले के किनारे पलट गई। बोलेरो में बैठे आजमगढ़ जनपद के पवई क्षेत्र निवासी अरुण कुमार और संदीप कुमार भी घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद अर्टिगा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।
