आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने मंगलवार को शाहगंज स्थित पीसीएफ संस्था के उर्वरक बफर गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोदाम में रखी यूरिया और डीएपी उर्वरक की बोरियों का भौतिक सत्यापन भी कराया गया।
निरीक्षण के समय मुख्य विकास अधिकारी ने गोदाम की भंडारण व्यवस्था का गहन जायजा लिया। उन्होंने भंडारनायक को निर्देशित किया कि सभी उर्वरकों का भंडारण वैज्ञानिक पद्धति एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के दौरान कुछ बोरियां फटी हुई मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और जिला प्रबंधक पीसीएफ को सुरक्षित एवं मानक अनुरूप भंडारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने उर्वरकों की हैंडलिंग और परिवहन व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित ठेकेदारों को समयबद्ध तरीके से उर्वरक की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान कुछ उर्वरक बोरियों का वजन भी कराया गया। जांच में सभी बोरियां निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गईं तथा कहीं भी घटतौली की शिकायत नहीं मिली। इसके अलावा मुख्य विकास अधिकारी ने गोदाम परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद उन्होंने गोदाम परिसर में संचालित गेहूं क्रय केंद्र “पीसीएफ केएसके इमरानगंज” का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण में केंद्र पर रखे अभिलेख व्यवस्थित पाए गए। उन्होंने केंद्र प्रभारी को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक किसानों से संपर्क स्थापित कर शासन की मंशा के अनुरूप लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित की जाए तथा गेहूं खरीद की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और नियमों के तहत संचालित हो।
निरीक्षण के दौरान जिला कृषि अधिकारी, एआर कोऑपरेटिव, क्षेत्र अधिकारी इफको सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
