आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पत्रकार भवन में बुधवार को शहीद पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव की दूसरी पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं और बुद्धिजीवियों ने दिवंगत पत्रकार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सभा के दौरान वक्ताओं ने आशुतोष श्रीवास्तव के पत्रकारिता जीवन, निर्भीक कार्यशैली और समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया। उपस्थित लोगों ने कहा कि उन्होंने हमेशा निष्पक्ष और बेबाक पत्रकारिता को प्राथमिकता दी तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता चौथे स्तंभ के रूप में कार्य करती है और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है।
श्रद्धांजलि सभा में मौजूद पत्रकारों ने आशुतोष श्रीवास्तव हत्याकांड में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि यदि पत्रकार सुरक्षित नहीं रहेंगे तो समाज में सच्चाई सामने लाना कठिन हो जाएगा। वक्ताओं ने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को जल्द सजा दिलाने की मांग की।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकार एकता और सुरक्षा को लेकर भी चर्चा हुई। कई वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों पर बढ़ते हमले चिंता का विषय हैं और इसके लिए सख्त कानून बनाए जाने की आवश्यकता है। श्रद्धांजलि सभा के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर जिले के अनेक पत्रकार, सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
.jpeg)