आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय जौनपुर में आयोजित एक सम्मान समारोह में नर्सिंग ऑफिसर आशीष सिंह को उनके उत्कृष्ट कार्य, सेवा भावना और मरीजों के प्रति समर्पित योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान लायंस क्लब की ओर से प्रदान किया गया।
समारोह के दौरान लायंस क्लब के पदाधिकारियों ने आशीष सिंह को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान चिन्ह भेंट कर उनके कार्यों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सिंग स्टाफ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। मरीजों की देखभाल से लेकर आपातकालीन परिस्थितियों में सेवा देने तक नर्सिंग कर्मी पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्व निभाते हैं।
कार्यक्रम में मौजूद चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने भी आशीष सिंह के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारी और ईमानदारी से निर्वहन किया है। उनके व्यवहार, कार्यशैली और सेवा भावना से मरीजों एवं उनके परिजनों में विश्वास का माहौल बना रहता है। अस्पताल प्रशासन ने भी उनके योगदान को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
सम्मान समारोह के दौरान अस्पताल परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, लायंस क्लब के सदस्य तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने नर्सिंग कर्मियों की सेवा भावना को समाज के लिए अमूल्य बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।
