आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात चोर एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी होते ही गांव में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया।
पीड़ित परिवार के अनुसार चोर घर में रखी दो सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने का झुमका, दो जोड़ी सोने की बाली, दो जोड़ी सोने का झाला, एक सोने का बाला, दो जोड़ी पायल, सात जोड़ी मीना समेत लगभग 60 हजार रुपये नकद उठा ले गए। परिवार का कहना है कि चोरी हुए अधिकांश जेवर शादी-विवाह और वर्षों की जमा पूंजी के रूप में सुरक्षित रखे गए थे।
घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के मुताबिक इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलते ही सरायख्वाजा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ भी की।
बाद में फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए और जांच के लिए कई महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए। पुलिस संदिग्ध लोगों की तलाश में जुटी हुई है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
इधर, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में पुलिस के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन चोरी की वारदातें हो रही हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द खुलासा कर चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
.jpeg)