आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। हज यात्रा पर जाने वाले आजमीन-ए-हज के विदेश रवाना होने का सिलसिला अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। इसी क्रम में बुधवार को जौनपुर शहर के रिजवी खां मोहल्ला, अटाला मस्जिद के पीछे से हज यात्रियों का एक जत्था दिल्ली एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ। इस दौरान क्षेत्र में भावुक और धार्मिक माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने हज यात्रियों को फूल-मालाओं और मुबारकबाद के साथ विदा किया तथा उनके लिए शुभकामनाएं दीं।
हज यात्रा पर रवाना होने वालों में अबुल कैस अपनी पत्नी समेत अन्य लोगों के साथ शामिल रहे। मोहल्ले और आसपास के लोगों ने “लब्बैक अल्लाहुम्मा लब्बैक” के नारों के बीच उन्हें विदाई दी। लोगों ने हज यात्रियों से मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए खास दुआ करने की अपील भी की।
इस अवसर पर मरकज़ी सीरत कमेटी के पूर्व अध्यक्ष हफीज शाह ने बताया कि जौनपुर से इस वर्ष कुल 68 लोग अलग-अलग तारीखों में हज यात्रा के लिए रवाना हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई लोग निजी कंपनियों के माध्यम से भी पवित्र यात्रा पर जा रहे हैं। हज इस्लाम का महत्वपूर्ण स्तंभ है और हर मुसलमान की तमन्ना होती है कि उसे एक बार मक्का-मदीना की पवित्र धरती पर जाने का अवसर मिले।
विदाई के दौरान मोहम्मद आलम सोनू, खुर्रम, मिस्बाह, बेलाल खान, अबुल सैफ खान और मेराज अहमद समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी ने हज यात्रियों से गले मिलकर दुआएं लीं और उनके सकुशल सफर की कामना की। पूरे इलाके में धार्मिक उत्साह और भावुकता का माहौल बना रहा।
