आमिर, देवल ब्यूरो ,चंदवक, जौनपुर। थाना क्षेत्र के बोड़सर खुर्द गांव में शाम कुत्ते को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद डेरी से दूध देकर घर लौट रहे युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी प्रमोद कुमार सिंह पुत्र रमापति सिंह ने चंदवक थाने में दी। आरोप लगाया कि शनिवार शाम लगभग सात बजे वह साइकिल से डेरी पर दूध देने जा रहे थे। इसी दौरान गांव में मनीष कुमार सिंह की पत्नी अन्य महिलाओं के साथ सड़क पर खड़ी होकर बातचीत कर रही थीं। उनके साथ मौजूद कुत्ता अचानक झपटा, जिससे वह साइकिल सहित गिर पड़े। विरोध करने पर मनीष सिंह की पत्नी उनसे उलझ गईं। इसके बाद वह डेरी पर दूध देने चले गए।
दूध देकर घर लौटते समय मनीष सिंह के पुत्र उत्तम सिंह अपने दो अज्ञात साथियों के साथ रास्ते में उन्हें रोक लिया और हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार आरोपितों ने लात-घूंसों से मारा पीटा तथा हाथ में पंच पहनकर हमला किया, जिससे उनकी आंख सहित शरीर पर गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि विपक्षी मनबढ़ एवं आपराधिक प्रवृत्ति के हैं, जिससे उन्हें दोबारा किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
