आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिले में सड़क निर्माण, चौड़ीकरण और मरम्मत कार्यों को तेज गति देने के उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग (PWD) की वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने जिले की सड़कों की स्थिति, संपर्क मार्गों के विकास तथा नई परियोजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।
बैठक की अध्यक्षता सैमुअल पॉल एन ने की। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान जिले में कुल 331 विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनकी अनुमानित लागत 575.67 करोड़ रुपये है। इन स्वीकृत परियोजनाओं की विस्तृत पुस्तिका भी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई, ताकि कार्यों की प्रगति और प्राथमिकताओं की जानकारी साझा की जा सके।
बैठक में प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज, बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र, शाहगंज विधायक रमेश सिंह तथा जफराबाद विधायक जगदीश नारायण राय सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने वर्ष 2026-27 के लिए विधानसभा वार सड़क निर्माण एवं मरम्मत से जुड़े प्रस्ताव उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधियों द्वारा करीब 450 नए प्रस्ताव विभाग को सौंपे गए, जिनमें ग्रामीण सड़कों, संपर्क मार्गों और प्रमुख मार्गों के सुदृढ़ीकरण से संबंधित योजनाएं शामिल हैं।
बैठक में मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित किया कि वे क्षेत्रवार जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर एक सप्ताह के भीतर सभी प्रस्ताव शासन को भेजना सुनिश्चित करें, ताकि समय पर स्वीकृति और बजट आवंटन की प्रक्रिया पूरी हो सके।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकता जिले में बेहतर सड़क नेटवर्क विकसित करना है, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आवागमन सुगम हो सके। उम्मीद जताई जा रही है कि नई कार्ययोजना लागू होने के बाद जिले की सड़क व्यवस्था में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।
