देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। समाजवादी मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के जिला अध्यक्ष सत्यम पांडेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिलाधिकारी को चार सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों, नौजवानों और जिले में व्याप्त भ्रष्टाचार के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। जिला अध्यक्ष सत्यम पांडेय ने कहा कि जनपद में दर्जनों निजी कंपनियां संचालित होने के बावजूद स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें अन्य राज्यों में पलायन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में युवाओं की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने किसानों की समस्या उठाते हुए कहा कि गेहूं खरीद में भारी अनियमितताएं हो रही हैं, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से गेहूं क्रय सुचारु कराने की मांग की। साथ ही नगर पालिका के रिकॉर्ड रूम से खसरा रजिस्टर गायब होने के मामले को गंभीर बताते हुए इसकी जांच कराने की मांग की। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि जनपद में चल रहे विकास कार्यों में अधिकारियों द्वारा बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है, जिसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। सत्यम पांडे ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार बनने के बाद महंगाई चरम पर पहुंच गई है, जिससे किसान, नौजवान, महिलाएं और गरीब वर्ग प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा और चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी जन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान समाजवादी पार्टी नगर पालिका रॉबर्ट्सगंज के अध्यक्ष सरदार पारब्रह्म सिंह ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के कारण गरीब तबका पलायन को मजबूर है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से सरकार की नीतियों को जनता तक पहुंचाने और समाजवादी पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने का आह्वान किया। ज्ञापन सौंपने वालों में विवेक सिंह पटेल, गुलाम यासीन, सुशील राय, पीयूष यादव, धीरज पाठक, पिंटू पटेल, बालेश्वर यादव, आदिल अंसारी, विनय तिवारी, अमित मौर्य, फहीम अहमद, विकास सिंह, विशेष पांडे सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
.jpg)