देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। विंध्याचल मंडल के मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सीएम डैशबोर्ड के तहत संचालित योजनाओं और जन शिकायतों के निस्तारण पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने साफ कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं।
बैठक में हर घर नल से जल योजना की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने विशेष निर्देश दिए कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदे गए गड्डों की मरम्मत तत्काल कराई जाए। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों और अधूरे कार्यों के कारण आमजन को हो रही परेशानी को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता पर समाधान किया जाए। जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि जिन गांवों में पेयजल आपूर्ति शुरू हो चुकी है, वहां उसकी गुणवत्ता, नियमितता और प्रभावशीलता की जांच के लिए जनपद स्तरीय टीम गठित की जाए। यह टीम स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। साथ ही निरीक्षण से पूर्व संबंधित जनप्रतिनिधियों को सूचना देने के भी निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि पेयजल से जुड़ी कोई भी शिकायत लंबित न रहे और उसका त्वरित निस्तारण किया जाए। पेंशन योजनाओं की समीक्षा में उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्तियों को किसी भी हाल में लाभ से वंचित न रखा जाए और आवेदनों में कमी होने पर तत्काल सूचना देकर सुधार का अवसर दिया जाए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों सुनिश्चित हों, ताकि शिकायतकर्ता को संतोषजनक समाधान मिल सके। बैठक में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आश्वस्त किया कि मंडलायुक्त के निर्देशों का पूर्ण पालन कराया जाएगा और सभी विभाग समन्वय के साथ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में तेजी लाएंगे। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (विरा) वागीश कुमार शुक्ला, संयुक्त विकास आयुक्त रमेश चन्द्र, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे रोहित यादव, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, डीसी मनरेगा रविन्द्र वीर सिंह आदि मौजूद रहे।
.jpg)