आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) जौनपुर जंक्शन ने रेलगाड़ियों के शौचालयों से पानी की टोटी चोरी करने वाले एक शातिर चोर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के पास से चोरी की गई टोटियां भी बरामद की गई हैं। गिरफ्तार युवक को रेलवे अधिनियम की सुसंगत धाराओं में निरुद्ध कर वाराणसी न्यायालय भेज दिया गया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जौनपुर जंक्शन पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार के नेतृत्व में रेलवे संपत्ति की सुरक्षा एवं रेल संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आरपीएफ टीम के एसआई कैलाश कुमार, कांस्टेबल बिजेंद्र सिंह तथा कांस्टेबल संतोष कुमार तिवारी द्वारा लगातार निगरानी की जा रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक प्लेटफार्म नंबर 5 के जफराबाद साइड में खड़ी रेलगाड़ी के शौचालय से पानी की टोटी निकाल रहा है। सूचना मिलते ही आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान शहर के भंडारी मोहल्ला निवासी मो. अरमान पुत्र मो. सगीर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की गई पानी की टोटियां बरामद की गईं। पूछताछ में आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए रेलवे अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
बाद में आरोपी को माननीय एसीजेएम/बीएसबी वाराणसी न्यायालय में पेश किया गया, जहां मजिस्ट्रेट ने उसे 14 दिनों की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इस मामले में आरपीएफ प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि रेल कोचों से पानी की टोटी चोरी होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद काफी हद तक यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
.jpeg)