आमिर, देवल ब्यूरो ,त्रिलोचन । जौनपुर महादेव मंदिर परिसर के पास सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार एक अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा भड़क उठा और आक्रोशित भीड़ ने कार पर हमला कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की अच्छी-खासी भीड़ मौजूद थी। इसी दौरान तेज गति से आ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
हादसे में घायल पांच लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में कुछ श्रद्धालु भी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई और देखते ही देखते भारी संख्या में लोग जमा हो गए।
आक्रोशित भीड़ ने कार चालक के खिलाफ नाराजगी जताते हुए वाहन पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। लोगों ने कार के शीशे तोड़ दिए और वाहन को काफी नुकसान पहुंचाया। काफी देर तक मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। साथ ही क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार सुबह से ही घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें गुस्साई भीड़ कार में तोड़फोड़ करती नजर आ रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना रहा।
.jpeg)