कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अकबरपुर समाजसेवा के क्षेत्र में 10 वर्षों से सक्रिय समाजसेवी बरकत अली ने लावारिस शवों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार के लिए प्रशासन से सहयोग की अपील की है।
जिलाधिकारी अम्बेडकरनगर को दिए गए प्रार्थना पत्र में बरकत अली ने बताया कि वे पिछले 10 वर्षों से लावारिस शवों का अंतिम संस्कार अपने स्वयं के खर्चे पर करते आ रहे हैं। इस दौरान 250 से अधिक लावारिस शवों का अंतिम संस्कार किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि शवों को जलाने और दफनाने के लिए स्थान की कमी के कारण लगातार बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है। इस सामाजिक कार्य को सुचारू रूप से करने के लिए उन्होंने पोस्टमार्टम हाउस, मेडिकल कॉलेज सदरपुर, टाण्डा, अम्बेडकरनगर के निकट कब्रिस्तान एवं अन्त्येष्टि स्थल के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग की है।
बरकत अली ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि इस मानवीय कार्य को ध्यान में रखते हुए लावारिस शवों के अंतिम संस्कार हेतु उपयुक्त स्थान शीघ्र उपलब्ध कराया जाए।
