देवल संवाददाता, आजमगढ़। जनपद के बरदह थाना क्षेत्र में किसानों के लिए आवंटित शासकीय उर्वरक धनराशि के गबन के मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर क्षेत्रीय किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए दी गई सरकारी सहायता राशि में से लाखों रुपये हड़पने का आरोप है। पुलिस ने अभियुक्त को बेला खास मोड़ से गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) द्वारा 29 दिसंबर 2025 को थाना बरदह में लिखित तहरीर दी गई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि बी-पैक्स बौआपार समिति के प्रभारी खरपत्तू चौहान ने किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराने हेतु आवंटित ₹5 लाख की शासकीय सहायता राशि में से उर्वरक बिक्री के ₹3,46,009 समिति में जमा नहीं किए और सरकारी धन का गबन कर लिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना बरदह में मु0अ0सं0 411/2025 धारा 316(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान आरोपी की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में जनपद में अपराध एवं भ्रष्टाचार नियंत्रण अभियान के तहत शनिवार 17 मई 2026 को उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद पटेल अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने वांछित अभियुक्त खरपत्तू चौहान पुत्र मुनेश्वर चौहान निवासी उत्तरगावा थाना गंभीरपुर जनपद आजमगढ़ को बेला खास मोड़ से सुबह करीब 5:50 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। उसके विरुद्ध वर्ष 2020 में थाना बरदह में धारा 409 भादवि के तहत आपराधिक विश्वासघात का मुकदमा दर्ज हो चुका है। इसके अलावा विद्युत अधिनियम के तहत भी मामला पंजीकृत है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद पटेल, हेड कांस्टेबल पवन यादव तथा कांस्टेबल विनोद यादव शामिल रहे।
