देवल संवाददाता, आजमगढ़। जीयनपुर थाना पुलिस ने पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में फर्जीवाड़ा कर निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि अभियुक्तों ने बीएलओ, सुपरवाइजर और अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर कर मतदाता सूची में अवैध रूप से नाम जोड़ने और हटाने का कार्य किया था।
पुलिस के अनुसार 16 मई 2026 को तहसील सगड़ी में तैनात राजस्व निरीक्षक द्वारा थाना जीयनपुर में लिखित तहरीर दी गई थी। तहरीर में बताया गया कि त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन से संबंधित पाण्डुलिपि कार्य के दौरान विकास खण्ड अजमतगढ़ से जमा की गई पाण्डुलिपियों की जांच में फर्जी हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज पाए गए। जांच में सामने आया कि कुछ लोगों ने मिलीभगत कर बीएलओ, सुपरवाइजर एवं अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर बनाकर मतदाता सूची में अवैध परिवर्धन एवं विलोपन किया, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया प्रभावित होने के साथ शासकीय क्षति भी हुई।
इस मामले में थाना जीयनपुर पर मु0अ0सं0 0220/2026 धारा 3(5), 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 316(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर उपनिरीक्षक दलप्रताप सिंह द्वारा विवेचना की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को उपनिरीक्षक दलप्रताप सिंह मय हमराह पुलिस टीम द्वारा तीन अभियुक्तों को बागखालिस नहर पुलिया के पास से सुबह करीब 10:05 बजे गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अक्षय कुमार पुत्र रामबेलास निवासी छत्तरपुर दलेल थाना जीयनपुर, संतोष कुमार भाष्कर पुत्र दिलब निवासी जमुआ हरिराम थाना मुबारकपुर तथा नदीम अहमद पुत्र शमीम अहमद निवासी खालिसपुर थाना जीयनपुर शामिल हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दलप्रताप सिंह, कांस्टेबल बुटाई शाह, कांस्टेबल सत्यम सिंह, रिजर्व कांस्टेबल कर्णजीत विश्वकर्मा तथा महिला रिजर्व कांस्टेबल संजना राय शामिल रहीं। पुलिस द्वारा मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
