देवल संवाददाता, आजमगढ़ जिले के कोयलसा ब्लॉक के ग्राम प्रधानों ने खंड विकास अधिकारी कोयलसा को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि यदि पंचायत चुनाव समय से नहीं हो पाता है तो वर्तमान ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए। प्रधानों का कहना है कि 25 मई 2026 को त्रिस्तरीय पंचायत के प्रधानों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, लेकिन अब तक की तैयारियों को देखते हुए पंचायत चुनाव समय से संपन्न होता नहीं दिखाई दे रहा है।
अखिल भारतीय प्रधान संघ संगठन के पदाधिकारियों ने आशंका जताई कि कार्यकाल समाप्त होने के बाद सरकार द्वारा ग्राम पंचायतों में प्रशासन नियुक्त किया जा सकता है, जो किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं होगा। प्रधान संघ अध्यक्ष अमरनाथ सिंह ने कहा कि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों का कार्यकाल चुनाव संपन्न होने तक बढ़ाया जाना चाहिए।
प्रधान संघ के जिला उपाध्यक्ष मकरंद यादव ने कहा कि अन्य राज्यों की तरह उत्तर प्रदेश में भी निर्वाचित प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने पर विचार किया जाना चाहिए। वहीं प्रधान हरिलाल प्रजापति ने कहा कि ग्राम प्रधान गांव के लोगों के दुख-सुख से सीधे जुड़े रहते हैं और गांव के विकास की हर छोटी-बड़ी जानकारी रखते हैं।
खंड विकास अधिकारी कोयलसा सागर सिंह ने प्रधानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनका ज्ञापन महामहिम राज्यपाल तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
इस मौके पर प्रधान संघ अध्यक्ष अमरनाथ सिंह,दुर्गविजय सिंह हरिलाल प्रजापति, मकरंद यादव, दुर्गा यादव, सुरजीत कुमार, हरिओम निषाद, अरविंद निषाद, गुड्डू प्रतिनिधि, सरफराज, संदीप कुमार, धर्मराज यादव, पप्पू गौड़, हौसला प्रजापति समेत अनेक ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।
