देवल संवाददाता, आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर कर्मचारियों के साथ मारपीट और जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त और एक अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार यह मामला थाना मुबारकपुर क्षेत्र स्थित विशेन बीएस पेट्रोलियम बरडीहा उर्फ गडेरूआ पेट्रोल पंप का है। पेट्रोल पंप के मैनेजर विवेक तिवारी पुत्र कृष्णानन्द तिवारी निवासी छिड़ी ब्राह्मण सरैया थाना कप्तानगंज ने 15 मई 2026 को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पेट्रोल देने को लेकर हुए विवाद के बाद विपक्षी शाम के समय 15-16 लोगों और एक महिला के साथ लाठी-डंडा व लोहे की रॉड लेकर पेट्रोल पंप पर पहुंचे और कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे सतीश चन्द सिंह के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए थे। मामले में थाना मुबारकपुर पर मुकदमा संख्या 191/2026 धारा 3(5), 115(2), 352, 351(3), 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान सोमवार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक वीरेन्द्र यादव ने मुखबिर की सूचना पर सठियांव चौराहे से अनूप चौहान (22) निवासी पिचरी थाना मुबारकपुर तथा कौशिल्या देवी (46) निवासी फैजुल्लापुर उगाहे थाना गंभीरपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर ओझौली पुल के पास झाड़ियों से घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया गया है।
