देवल, ब्यूरो चीफ,डाला, सोनभद्र। ग्राम पंचायत कोटा में संचालित कोटेदार मेराज अहमद की ऑफलाइन राशन दुकान ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि नेटवर्क उपलब्ध होने के बावजूद दुकान को जानबूझकर ऑनलाइन नहीं किया जा रहा, जिससे कोटेदार की मनमानी और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार विभागीय स्तर पर दुकान को ऑनलाइन करने की प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन अधिकारियों की उदासीनता और कथित मिलीभगत के चलते आज तक व्यवस्था लागू नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने बताया कि जहां दुकान संचालित है वहां नेटवर्क की सुविधा मौजूद है। इसके अलावा गुरमुरा सामुदायिक भवन को पहले ऑनलाइन वितरण केंद्र के रूप में चिन्हित किया गया था, लेकिन बाद में मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। गौरही निवासी इंद्रजीत ने आरोप लगाया कि करीब दो माह पहले उनके राशन कार्ड पर कोटेदार द्वारा "निरस्त" लिख दिया गया और राशन देने से इनकार कर दिया गया। कोटेदार ने उन्हें जिला स्तर पर राशन कार्ड संशोधित कराने की बात कही। हालांकि 7 मई 2026 को ओबरा पूर्ति कार्यालय में जांच कराने पर अधिकारियों ने राशन कार्ड को सही बताया और उसमें किसी प्रकार की त्रुटि से इनकार किया। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि अंत्योदय कार्डधारक कमोदा देवी की करीब तीन वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। इसके बावजूद उनके कार्ड पर पति राम स्वरूप का नाम दर्ज होने के बाद भी लगभग दो वर्षों तक 35 किलो राशन का उठान दिखाकर कालाबाजारी की गई। ग्रामीणों के अनुसार केवाईसी प्रक्रिया के दौरान भी राम स्वरूप का सत्यापन नहीं कराया गया। वर्तमान में 80 वर्षीय राम स्वरूप लकवा से पीड़ित हैं और उन्हें किसी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कई परिवारों को दो-दो और तीन-तीन माह से राशन नहीं मिला है। शिकायत करने पर कोटेदार की पत्नी द्वारा डांटकर भगा देने का भी आरोप लगाया गया। ग्रामीणों ने कहा कि गरीब और आदिवासी परिवारों की सुनवाई नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, कोटेदार की दुकान निरस्त करने तथा राशन दुकान को गुरमुरा में स्थानांतरित कर ऑनलाइन व्यवस्था लागू करने की मांग की है, ताकि गरीबों के राशन की कथित लूट पर रोक लग सके।
ऑफलाइन कोटे की दुकान बनी ग्रामीणों के लिए संकट, राशन घोटाले के गंभीर आरोप
मई 07, 2026
0
Tags
.jpg)