देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को पंचायत रिसोर्स सेंटर में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने की। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि स्वगणना का यह महत्वपूर्ण अभियान 7 मई से प्रारंभ होकर 21 मई तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान नागरिक अपने मोबाइल फोन के माध्यम से स्वगणना पोर्टल पर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे, जिससे जनगणना प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनेगी। उन्होंने जानकारी दी कि मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य 22 मई से शुरू होकर 20 जून तक चलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनगणना कार्य को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपादित किया जाए, ताकि प्रत्येक परिवार और व्यक्ति का सही विवरण दर्ज हो सके। कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी सहित जनपद स्तरीय अधिकारियों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्तियों, पंचायत सहायकों तथा कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग करते हुए स्वगणना पोर्टल के माध्यम से अपने मोबाइल फोन से स्वयं की गणना कर प्रक्रिया पूर्ण की। इस अवसर पर प्रतिभागियों को मोबाइल ऐप एवं पोर्टल संचालन की विस्तृत जानकारी भी दी गई। इसी क्रम में माननीय मंत्री एवं विधायकगण सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के आवास पर अधिकारियों द्वारा पहुंचकर स्वगणना मोबाइल ऐप के माध्यम से उनकी स्वगणना भी कराई गई। जनप्रतिनिधियों ने जनगणना 2027 को देश के विकास एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की। इस मौके पर जिला विकास अधिकारी हेमेन्त कुमार सिंह, डीसी मनरेगा रविन्द्र वीर सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, डीसी एनआरएलएम सरिता सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
.jpg)