देवल संवाददाता, जनपद के बरदह थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूटी से गांजा तस्करी कर रहे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 06 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 04 मई 2026 को चौकी प्रभारी ठेकमा उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद पटेल अपनी टीम के साथ क्षेत्र भ्रमण पर थे। इसी दौरान त्रिवेणी मोड़ से छत्तरपुर मार्ग पर करीब 200 मीटर आगे एक स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए।
पुलिस टीम ने जब उन्हें रोककर तलाशी ली तो उनके पास से लगभग 06 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्तों की पहचान गोविन्द यादव पुत्र सोमारू यादव निवासी ग्राम कैथी शंकरपुर थाना देवगांव तथा किशन सिंह पुत्र उमेश सिंह निवासी ग्राम भीरा थाना बरदह, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई।
दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना बरदह में मु0अ0सं0 156/26 धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों का चालान न्यायालय भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद पटेल, उपनिरीक्षक उमेशचन्द्र यादव, हेड कांस्टेबल संतोष कुमार शाह, कांस्टेबल पंकज यादव तथा कांस्टेबल दुर्गेश राय शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है।
