देवल संवाददाता, जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र में निर्माण कार्य के दौरान एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 04 मई 2026 को ग्राम गोबरहा निवासी रोजेश पुत्र गरीब ने थाने में लिखित सूचना दी कि वह अपने मकान का निर्माण कार्य करा रहा था। इसी दौरान उसका पुत्र रुष्तम उर्फ धर्मेन्द्र (उम्र करीब 27 वर्ष) निर्माण कार्य देखने जा रहा था।
रास्ते में गांव के ही गंगू उर्फ पुष्पेन्द्र पुत्र राजेश एवं सत्यम पुत्र रामशब्द ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि दोनों ने जान से मारने की नीयत से उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।
इस मामले में थाना फूलपुर पर मु0अ0सं0 160/2026 के तहत धारा 109(1), 126(2), 352 बीएनएस व 4/25 शस्त्र अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 05 मई 2026 को उपनिरीक्षक कमालुद्दीन ने अपनी टीम के साथ कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गंगू उर्फ पुष्पेन्द्र को सुदनीपुर मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी का समय लगभग 13:47 बजे बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना में प्रयुक्त चाकू पूर्व में ही मौके से बरामद किया जा चुका था। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कमालुद्दीन, हेड कांस्टेबल राजीव यादव और कांस्टेबल निलेश प्रताप सिंह शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार अन्य आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
