देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। दुद्धी तहसील क्षेत्र में निर्माणाधीन कनहर सिंचाई परियोजना अब जिले के किसानों के लिए उम्मीद की बड़ी किरण बनकर उभर रही है। वर्षों से लंबित इस महत्वाकांक्षी परियोजना को प्रदेश की उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में शामिल किए जाने के बाद निर्माण कार्य ने तेजी पकड़ी है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले वर्ष से दुद्धी और ओबरा क्षेत्र के 108 गांवों के हजारों किसानों को सिंचाई और पेयजल की सुविधा मिलने लगेगी।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि परियोजना से जुड़े अधिकारियों को दिसंबर 2026 तक हर हाल में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जनवरी 2027 से किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने बताया कि कनहर और पांगन नदी के संगम पर 3.24 किलोमीटर लंबा एवं 39.9
मीटर ऊंचा बांध बनकर तैयार हो चुका है, जबकि नहर निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। परियोजना की द्वितीय पुनरीक्षित लागत 3394.65 करोड़ रुपये स्वीकृत की गई है। इसके पूरा होने पर दुद्धी और चोपन ब्लॉक के लगभग 35,467 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा मिलेगी। साथ ही करीब दो लाख की आबादी को पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, परियोजना के तहत किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए 248.810 किलोमीटर लंबी नहर प्रणाली विकसित की जा रही है, जिसमें मुख्य नहर की लंबाई 57.10 किलोमीटर है।
.jpg)