देवल, ब्यूरो चीफ,बीना, सोनभद्र। बिना पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर मंगलवार शाम एक तेज रफ्तार हाईवा वाहन ने क्रेटा कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार करीब 60 से 70 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, कार चालक की जान बाल-बाल बच गई।
घटना शाम करीब 7:15 बजे एनसीएल बीना परियोजना के महाप्रबंधक कार्यालय के
पास हुई। बताया जा रहा है कि अनपरा से शक्तिनगर की ओर जा रहे तेज रफ्तार हाईवा वाहन ने सड़क पार कर रही क्रेटा कार को टक्कर मार दी। कार चालक रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि वह अपनी कार इको पार्क के पास खड़ी कर
एनसीएल महाप्रबंधक कार्यालय में कागजी कार्य से गए थे। वापस लौटते समय जब वह अपने निवास सिंगरौली जाने के लिए फोरलेन पार कर दूसरी लेन में जा रहे थे, तभी तेज गति से आ रहे हाईवा वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाईवा वाहन काफी तेज रफ्तार में था। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि क्रेटा चालक ने अचानक सड़क पार करने का प्रयास किया, जिससे हादसा हुआ। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर बिना पुलिस चौकी से हेड कांस्टेबल रामजी एवं सत्यम मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे में क्रेटा कार के चारों पहिए और बॉडी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार चालक पेशे से ठेकेदार बताया जा रहा है।
.jpg)