देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। नगर में अवैध अतिक्रमण हटाने का ढिढ़ोरा पीटने वाली नगर पालिका प्रशासन की टीम मंगलवार को स्वर्ण जयंती चौक पर पूरी तरह बेवश दिखी। बड़े-बड़े दावे और सख्त कार्रवाई की चेतावनी देने वाली टीम के कर्मी मौके पर बुलडोजर लेकर तो पहुंचे, लेकिन रसूखदार अतिक्रमणकारियों के सामने उसकी सारी हनक धरी की धरी रह गई। करीब आधे घंटे तक बुलडोजर सड़क पर तमाशबीन बना खड़ा रहा और फिर एक कथित ऊपर से आए फोन के बाद पूरी टीम बगैर कोई कार्रवाई किए वैरंग वापस लौट गई।
रावर्ट्सगंज नगर पालिका की इस कार्रवाई ने पूरे शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। लोगों का कहना है कि अगर अतिक्रमण किसी गरीब ठेला या छोटे दुकानदार ने किया होता तो अब तक उसका सामान सड़क पर फेंक दिया गया होता, लेकिन यहां मामला रसूखदारों का था, इसलिए बुलडोजर की धार कुंद हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नगर पालिका की टीम पूरी तैयारी के साथ स्वर्ण जयंती चौक पहुंची थी। बुलडोजर देखते ही आसपास के दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। लोग समझ रहे थे कि वर्षों से फ्लाईओवर के नीचे की भूमि पर अंगद की तरह पांव गड़ाए कब्जाधारियों पर कार्रवाई होगी, लेकिन तभी कुछ प्रभावशाली लोगों की सक्रियता बढ़ी और मोबाइल फोन घनघनाने लगे। इसके कुछ ही देर बाद नपा कर्मी नरम पड़ गए और बिना कार्रवाई किए वैरंग वापस लौट गए। उधर बगैर कार्रवाई किए वापस लौटे कर्मियों के सवाल को लेकर रावर्ट्सगंज नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार के सीयूजी नंबर पर काल कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने शायद काल रीसिव करना जरूरी नहीं समझा। लिहाजा उनका पक्ष नहीं लिया जा सका।
.jpeg)