आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के काजीकोट मोहल्ले में मंगलवार रात करीब 8:30 बजे एक दर्दनाक हादसे में महिला अधिवक्ता गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसा उस समय हुआ जब वह अपने घर में खाना बना रही थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इशरत बानो (56 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय नयूम रहमान, गैस चूल्हे पर भोजन तैयार कर रही थीं। इसी दौरान गैस रेगुलेटर के पास से गैस का रिसाव हो रहा था, जिसकी उन्हें जानकारी नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि असावधानीवश अचानक गैस में आग लग गई और देखते ही देखते सिलेंडर में विस्फोट हो गया।
विस्फोट के कारण घर में अफरा-तफरी मच गई और इशरत बानो गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि इशरत बानो जौनपुर दीवानी न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत हैं। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में चिंता का माहौल है। पुलिस मामले की जानकारी लेकर आवश्यक जांच में जुट गई है।
