आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। भीषण गर्मी के बीच लगातार चार दिनों से बिजली आपूर्ति ठप रहने से बक्शा थाना क्षेत्र के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार सुबह बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बक्शा पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पावर हाउस का घेराव किया।
जानकारी के अनुसार, उमरपुर, चकपटैला, शिवगुलामगंज और दुबेचक समेत कई गांव पिछले चार दिनों से बिजली संकट झेल रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर खराब होने और भूमिगत केबल में आई खराबी के चलते आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। शिवगुलामगंज बाजार में स्थिति सबसे अधिक खराब बताई जा रही है, जहां दिन-रात बिजली गायब रहने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
बिजली विभाग की कार्यशैली से नाराज उपभोक्ताओं ने ऊर्जा मंत्री और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली आपूर्ति बंद होने के बावजूद स्मार्ट मीटर के जरिए लगातार बिल जनरेट हो रहे हैं और उपभोक्ताओं के मोबाइल पर भुगतान के संदेश भेजे जा रहे हैं। इससे लोगों में आक्रोश और बढ़ गया है। उनका कहना है कि विभाग केवल आश्वासन देकर अपनी जिम्मेदारी से बच रहा है।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बक्शा के अवर अभियंता (जेई) सुरेंद्र कुमार यादव पर गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि जेई फोन नहीं उठाते और पावर हाउस पर भी समय से मौजूद नहीं रहते। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि ट्रांसफार्मर का तेल चोरी दिखाकर नया ट्रांसफार्मर लगाने में देरी की जा रही है, यहां तक कि इसके लिए उपभोक्ताओं से पैसे की मांग भी की गई।
ग्राम प्रधान उमरपुर विजय बहादुर यादव ने बताया कि चार दिनों से बिजली न रहने के कारण जनता बेहद परेशान है और कई बार अधिकारियों से शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस ट्रांसफार्मर से आपूर्ति हो रही थी, उसमें तेल न होने के कारण वह जल गया। हालांकि विभाग द्वारा तेल चोरी की बात कही जा रही है, जिसे ग्रामीणों ने सिरे से खारिज किया है।
प्रदर्शन में उमरपुर ग्राम प्रधान विजय बहादुर यादव, चकपटैला प्रधान धर्मेंद्र मौर्या सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में मांग की कि तत्काल ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल की जाए, अन्यथा बड़े आंदोलन के लिए तैयार रहें।
