आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिले में अचानक बदले मौसम ने बुधवार को लोगों को चौंका दिया, जब तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश के चलते दिन में ही अंधेरा छा गया। मानसून के इस बदले तेवर ने कुछ ही देर में सामान्य जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया।
दोपहर बाद अचानक आसमान में काले घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। आंधी इतनी तेज थी कि कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटकर गिर गईं और धूल भरी हवाओं के कारण लोगों को घरों और दुकानों में शरण लेनी पड़ी। कुछ देर के लिए ऐसा लगा मानो शाम हो गई हो।
तेज हवाओं के साथ झूमकर हुई बारिश ने गर्मी से राहत तो दी, लेकिन मानसून के इस विकराल रूप को देखकर लोग सहम गए। बाजारों में सन्नाटा पसर गया और सड़कों पर आवाजाही कम हो गई।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दौरान अब तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
मौसम के इस अचानक बदलाव से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं तेज हवाओं और अंधेरे ने कुछ समय के लिए दहशत का माहौल भी बना दिया।
.jpeg)