देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के नधिरा गांव के समीप मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ऑटो और बाइक की आमने-सामने टक्कर से हुआ।
जानकारी के अनुसार बीजपुर थाना क्षेत्र के डोडहर गांव निवासी धरम उम्र 35 वर्ष, लोकमन उम्र 33 वर्ष, अजय उम्र 34 वर्ष और आरके कुमार उम्र 35 वर्ष एक ही बाइक पर सवार होकर म्योरपुर के परनी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। मंगलवार सुबह सभी एक ही बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नधिरा गांव के पास सामने से आ रहे ऑटो से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं ऑटो पर सवार नधिरा निवासी चंपा देवी उम्र 30 वर्ष भी गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक डॉ. पल्लवी सिन्हा ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में धरम उम्र 35 वर्ष की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं एक ही बाइक पर चार लोगों के सवार होने को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
.jpg)